भाजपा विधायक ने लगाए वसुंधरा पर आरोप; पायलट ने कहा स्पष्टीकरण दे सरकार


भाजपा विधायक घनश्याम तिवारी ने वसुंधरा राजे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने  2014 में हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के भाजपा सांसदों को शामिल नहीं होने के लिए दबाव बनाया था।

उन्होंने अपने बयान में कहा था कि 2014 के उस ऐतिहासिक दिन, कुछ निजी वजहों से राजस्थान की मुख्यमंत्री ने बीकानेर हाउस में प्रदेश के सांसदों की बैठक बुलाई, इसमें उन पर दबाव बनाया गया कि वो प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत नहीं करें...। ऐसे ही जब निहालचंद को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया तो वसुंधरा राजे ने ही उनके खिलाफ राजस्थान में ही एक पुराने केस को फिर खुलवा दिया।


इस पर अपनी प्रतिकिया देते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि  भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक ने जो मुद्दे उठाये है, वे राजस्थान के सन्दर्भ में बहुत ही महत्वपूर्ण है. ये सभी मुद्दे लगातार जनता के साथ मिल कर कांग्रेस पार्टी उठाती आ रही है, लेकिन ना भाजपा सरकार ने और ना ही मुख्यमत्री साहिबा ने कभी कोई जवाब दिया. एक बहुत ही बड़े सविधानिक पद पर होने से जनता के प्रति जवाबदेही बनती है और जब इतने बड़े आरोप लगते है तो मुख्यमंत्री जी को सामने आ कर स्पष्टीकरण जरूर देना चाहिए.

पायलट ने कहा कि कांग्रेस के नेताओ पर जब भी कोई आरोप लगते है उनपर कड़ी कार्यवाही की जाती है लेकिन जब भाजपा के नेताओ पर कार्यकर्ताओ एवं खुद पार्टी के नेताओ द्वारा आरोप लगाए जाते है तो कोई पूछताझ तक नहीं की जाती.

पायलट ने वसुंधरा राजे से ना सिर्फ तमाम आरोपों पर स्पष्टीकरण देने की मांग रखी बल्कि उनका मानना है की घनश्याम तिवारी को सुरक्षा भी मुहैया करवानी चाहिए.

गौरतलब है कि हालही में भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने हाल ही में बीजेपी विधायक घनश्याम तिवारी के खिलाफ नोटिस जारी किया था। जिसमें बीजेपी विधायक से पार्टी विरोधी गतिविधि को लेकर जवाब मांगा गया था।

Comments