विधानसभा में चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्ती की उच्च स्तरीय जॉंच हो: सचिन पायलट

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने राजस्थान विधानसभा में चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्ती की उच्च स्तरीय जॉंच की मांग की है।

पायलट ने कहा कि राजस्थान विधानसभा में गत् दिनों चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती की गई है जिसमें 18 हजार से ज्यादा बेरोजगार उच्च शिक्षित युवाओं ने आवेदन किया था, परन्तु जानकारी प्राप्त हुई है कि सभी आवेदनकर्ताओं को दरकिनार कर राजनीतिक सिफारिश के आधार पर भर्ती की गई है जिसमें भाजपा के राजनेताओं के रिश्तेदारों को भी नियुक्ति दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपने वादे के अनुरूप 15 लाख नौकरियां तो नहीं दे पाई लेकिन कुछ हजारों भर्तियां जो अब तक हुई उसमें भाई-भतीजावाद हावी रहा है। उन्होंने कहा कि गत् दिनों पंचायत सहायक भर्ती के दौरान भी देखने को मिला था कि विद्यार्थी मित्रों के स्थान पर भाजपा नेताओं की अभिशंषा पर अन्य लोगों को भर्ती कर लिया गया था।

पायलट ने कहा कि प्रदेश के युवा भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं और जो गिनी-चुनी भर्तियां निकलती है उसमें भी भाजपा नेता अपने कृपा पात्रों व रिश्तेदारों को नौकरियां दिलवाकर लाभान्वित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में निकली चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती मामले की उच्च स्तरीय जॉंच करवाकर पारदर्शिता के साथ पुन: भर्ती की जानी चाहिए।

Comments