राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट एवं एआईसीसी महासचिव व प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेसजनों के सीधे संवाद हेतु प्रोजेक्ट शक्ति को आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर लांच किया।
पायलट ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश के कांग्रेसजनों का संवाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाँधी के साथ स्थापित करने हेतु प्रोजेक्ट शक्ति जारी किया गया है। इस तकनीकी माध्यम के द्वारा कोई भी कांग्रेसजन अपने मोबाइल फोन से 7045003900 नम्बर पर अपना वोटर आईडी कार्ड नम्बर एसएमएस कर
प्रोजेक्ट शक्ति से जुड़ सकते हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत कांग्रेसजन अपने सुझाव कांग्रेसाध्यक्ष राहुल गांधी तक आसानी से प्रेषित कर सकेंगे और राहुल गांधी अपने सुझाव एवं संदेश सभी कांग्रेसजनों तक भेज सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस डिजीटल माध्यम से दो तरफा संवाद सुगम हो जाएगा व जानकारी का आदान-प्रदान आसानी से हो सकेगा और कार्यकर्ताओं की आवाज शीर्ष नेतृत्व तक सीधी पहुंच सकेगी। पायलट ने कहा कि इस तकनीक में आधार नम्बर के स्थान पर वोटर आईडी नम्बर का उपयोग किया जाएगा क्योंकि यह सार्वजनिक सूचना आधारित तकनीक है।
पायलट ने कहा कि इस क्रम में प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त जिला प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने से संबंधित जिले में दिनांक 10 से 12 मार्च, 2018 के मध्य जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी, अग्रिम संगठन, विभाग व प्रकोष्ठों की एक संयुक्त बैठक आयोजित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उपलब्ध करवाये जाने वाले श्री राहुल गॉंधी के अपील वीडियो को दिखाये। साथ ही बैठक में प्रदेश कांग्रेस द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली प्रचार सामग्री को भी कांग्रेसजनों को वितरित करें।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे ने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से कांग्रेसजनों व राष्ट्रीय अध्यक्ष के बीच सतत संवाद का एक सेतु स्थापित हो जायेगा जिसके माध्यम से कांग्रेसजनों के सुझावों को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने में सुविधा होगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के सुझाव व संदेश आम कांग्रेसजन तक आसानी से संचारित हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह तकनीक राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी की पहल पर लागू की गई है जिसे प्रदेश कांग्रेस कमेटियों द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट से जुडऩे के लिए 31 मार्च, 2018 अंतिम तिथि है।
एआईसीसी द्वारा प्रोजेक्ट शक्ति हेतु भेजे गए प्रतिनिधि शशांक शुक्ला ने विस्तार से उपस्थित कांग्रेसजनों को प्रोजेक्ट शक्ति के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गॉंधी से संवाद स्थापित करने की प्रक्रिया में सबसे पहले कांग्रेसजनों को मोबाइल नं. 7045003900 पर अपना वोटर आई डी नम्बर एसएमएस करना है। इस प्रक्रिया में उक्त नम्बर पर सिर्फ वोटर आई डी का नम्बर ही भेजना है और जिसका वोटर आई डी है वह व्यक्ति उसे अपने मोबाईल नम्बर से ही उक्त नम्बर पर एसएमएस करें। उन्होंने बताया कि वोटर आई डी नम्बर एक बार भेजने के पश्चात् पुन: उसे नहीं भेजे, पुन: भेजने पर वह डिस्कनेक्ट हो जायेगा।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट शक्ति का अनावरण अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अविनाश पाण्डे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, सहप्रभारी सचिव विवेक बंसल, काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, देवेन्द्र यादव, तरूण कुमार ने किया।



Comments
Post a Comment